भारत

काशी की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देख अभिभूत हुए उपराष्ट्रपति, विधि विधान से किया गंगा पूजन

वाराणसी- 15 अप्रैल। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू शुक्रवार शाम दशाश्वमेध घाट पर काशी की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देख आह्लादित नजर आये। धर्मपत्नी एम उषा नायडू के साथ गंगा आरती में शामिल हुए उपराष्ट्रपति ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना कर मां गंगा का दुग्धाभिषेक भी किया। उपराष्ट्रपति गंगा सेवा निधि की विशेष महाआरती, लयबद्ध गायन के बीच परम्परागत वेशभूषा में अर्चकों को आरती करते ध्यान से देखते रहे।

फूलों के वन्दनवार से दुल्हन की तरह सजे घाट की मढ़ी पर कुर्सी पर बैठ कर उपराष्ट्रपति मां गंगा को चंवर डुलाती रिद्धि-सिद्धि के रूप में कन्याओं को कभी देखते तो कभी पर घाट पर आध्यात्मिक छटा के नैसर्गिक सौंदर्य को निहारते। शंख और डमरूओं की ध्वनि के बीच अद्भुत और विहंगम छटा, मां गंगा के भजनों को सुन हाथ जोड़ भक्तिभाव से अध्यात्म में लीन भी दिखे। उनकी धर्मपत्नी भी गंगा गीतों पर हाथ जोड़ती दिखी।

घाट पर जैसे ही उपराष्ट्रपति पहुंचे वहां पहले से मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से उनका स्वागत किया। उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी ने भी लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। लोगों का अपने प्रति प्यार देख उपराष्ट्रपति अभिभूत दिखे। फूलों की सजावट, रेड कार्पेट और रोशनी से दमकते घाट पर सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया था। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने गंगा आरती के बाद उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी को अंग वस्त्रम और प्रसाद भेंट किया।

इसके पहले उपराष्ट्रपति नायडू अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर शाम को अयोध्या से विशेष ट्रेन के द्वारा वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन पर आये। यहां उपराष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने की। इसके पहले कैंट स्टेशन पर महापौर, प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने उनका भव्य स्वागत किया।

बनारस स्टेशन के बाहर संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भी भरतनाट्यम, अयोध्या रामरथ फरवारी नृत्य, गाजीपुर का धोबिया नृत्य, बुंदेलखंड का राई लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपराष्ट्रपति का पारम्परिक ढंग से स्वागत किया। बनारस स्टेशन से दशाश्वमेध घाट पूरे राह नागरिकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया।

गंगा आरती देखने के बाद उपराष्ट्रपति बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को वह श्रीकाशी विश्वनाथ, कालभैरव के दरबार में माथा टेकेंगे। इसके बाद वह चंदौली पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे। स्मृति स्थल पर उपराष्ट्रपति नायडू पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित थ्रीडी फिल्म देखने के साथ ही संग्रहालय को देखेंगे। इसके बाद वह बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आएंगे और वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button