पटना- 04 जुलाई। बिहार में आगामी अक्टूबर माह में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान अपने चरम पर है। सभी दल चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और राज्य प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने शुक्रवार को यहां पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ माई-बहिन योजना का स्लोगन छपे सेनेटरी पैड का पैकेट लॉन्च किया। इस मौके पर नेता द्वय ने कहा कि 5 लाख महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया जायेगा।
पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे। सैनिटरी पैड के पैकेट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर है। साथ ही कांग्रेस की माई बहिन मान योजना का भी प्रचार है जिसमें महिलाओं को 2500 रुपये महीना मिलेगा। सैनेटरी पैड के पैकेट पर इस योजना का पूरा विवरण है।
राजेश राम ने कहा कि ‘माई बहिन मान योजना’के तहत हम घर घर पहुंच रहे हैं। इसके लिये एक विशेष योजना बनाई गई है जिसमें जरूरतमंद महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सम्मान राशि देने की योजना की पूरी जानकारी से जुड़े सैनेटरी पैड के पैकेट करीब 5 लाख महिलाओं को दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की ओर से सेनेटरी पैड अभियान को और विस्तार देने की योजना है, जिसमें भविष्य में और अधिक महिलाओं को शामिल किया जा सकता है।
कांग्रेस की मानें तो बिहार में 80 प्रतिशत किशोरियों को सेनेटरी पैड नहीं मिलते। ऐसे में महिला कांग्रेस राहुल गांधी की तस्वीर के साथ नारी न्याय और ‘माई बहिन मान योजना’ के प्रचार को भी इस अभियान से बुलंद करेगी।
भाजपा ने कहा- कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन—
बिहार भाजपा के प्रवक्ता कुंतल कृष्णा ने कहा कि कांग्रेसियों का यह मानसिक दिवालियापन है। चापलूसी करने के चक्कर में किस हद तक गिरेंगे, कांग्रेस अगर सेनेटरी पैड बांटना चाहती है तो बांटे, लेकिन उस पर राहुल गांधी की तस्वीर., उनके नेता को कहां बैठाना है, और कहां रखना है, यह भी पता नहीं है।
