
कांग्रेस पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग की सरगना बन गई है: PM मोदी
नई दिल्ली- 07 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि दलीय भावना और राजनीति के कारण कुछ लोग देश और राष्ट्रीय हितों की अवहेलना कर देश में विभाजन पैदा करने का कुचक्र रच रहे हैं, जिसका खमियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरा होने के अमृत काल में पूरे देश को एकजुट रहकर सामूहिक प्रयासों से चुनौतियों का सामना करने के लिए संकल्पबद्ध होना चाहिए लेकिन दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता देश की विकास यात्रा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी आज देश में अंग्रेजों की नीति का अनुसरण करते हुए फूट डालो और राज करो के रवैए पर चल रही है। लगता है कि कांग्रेस ने तय कर लिया है कि उसे अगले 100 साल तक सत्ता में नहीं आना है।
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग की सरगना बन गई है। इससे प्रतीत होता है कि विभाजनकारी राजनीति उसके डीएनए (गुणसूत्र) का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में अपने लम्बे संबोधन में कोरोना महामारी के संकट तथा उससे उबरने के लिए देशवासियों के सफल प्रयास, किसानों के परिश्रम से रिकॉर्ड कृषि उत्पादन, युवाओं की उद्यमशीलता से देश में स्टार्टअप के विस्तार और औद्योगिक उत्पादन एवं निवेश में बढ़ोतरी की उपलब्धियों को गिनाया। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद में सदन ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया।



