भारत

कांग्रेस ने सालों तक उत्तराखंड को संपर्क सुविधाओं से रखा वंचित: PM

नई दिल्ली- 08 फरवरी। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर उत्तराखंड को संपर्क सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया और कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार राज्य की आधुनिक ढांचागत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। पर्वतमाला परियोजना से उत्तराखंड की सड़कें और अधिक आधुनिक हो रही है। यहां के महत्वपूर्ण तीर्थों,मंदिरों एवं पर्यटक स्थलों को रोपवे से जोड़ने पर स्थानीय लोगों को सुविधाएं और रोजगार मिलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड में चुनाव प्रचार रैली को संबोधित किया। इस दौरान वे राज्य की परंपरागत टोपी में नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत और निष्ठा दोनों में गड़बड़ है। उत्तर प्रदेश (उस समय उत्तराखंड राज्य का हिस्सा रहा) में सालों तक सत्ता में रहने के दौरान इन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई प्रयास नहीं किया। वह केवल इसे सैर-सपाटे के लिए ही इस्तेमाल करते थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को केवल चार काम आते हैं। सबकुछ एक परिवार के लिए, हर काम में भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और योजनाओं में भेदभाव और वर्षों तक परियोजनाओं को लटकाए रखना।

मुसलमानों के लिए यूनिवर्सिटी बनाए जाने को तुष्टीकरण का उदाहरण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश जितनी तेजी से 21वीं सदी की ओर बढ़ना चाहता है, कांग्रेस उतनी ही ताकत से उसे पीछे धकेल रही है। यह उनके वादों और इरादों में दिखाई देता है। वह देवभूमि में क्या करना चाहते हैं, यह स्पष्ट हो रहा है। उनका यूनिवर्सिटी की बात करना तुष्टिकरण की राजनीति का जीता जागता सबूत है। कांग्रेसी अपनी इस आदत को छोड़ना नहीं चाहती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार मेडिकल कॉलेजों में सीटों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है। ऋषिकेश एम्स के अलावा एक सेटेलाइट सेंटर भी शुरू किया गया है। इससे पूरे क्षेत्र को इलाज की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मोदी ने कहा कि काग्रेस उत्तराखंड को प्रोत्साहित करने की वजह कदम कदम पर हतोत्साहित कर रही है। चुनौतियों और समस्याओं को बहाना बनाकर यह सालों तक उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा देने से बचते रहे। इन्होंने उत्तराखंड के सपनों को और उसकी आकांक्षाओं को कुचला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर चीज हर विषय को राजनीतिक चश्मे से देखती है। उसने कभी भी पर्वत के छोटे किसानों की चिंता नहीं की। आज केंद्र की भाजपा सरकार पीएम किसान निधि के माध्यम से हर किसान के खाते में धनराशि पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा और अगले 25 सालों की बुनियाद को मजबूत करेगा। नीव जितनी मजबूत होगी इमारत उतनी ही मजबूत बनेगी।

इस दौरान राज्य में चुनावी मैदान में उतरे अन्य दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ ने वर्षों तक राज्य से दुश्मनी निकाली है और कुछ दल यहां केवल तबाह करने की नीयत से आए हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button