
कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा को बताया उत्तराखंड विरोधी
देहरादून- 01 दिसंबर। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर कांग्रेस भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने शीतकालीन सत्र को लेकर भी भाजपा को घेरा। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हरीश रावत ने कहा कि इस चुनाव में वे मंडुवा, गन्ना और शिल्पकार सभी को साथ लेकर चलेंगे। स्थानीय मोटे अनाजों के लिए एक अभियान चलाएंगे जिसमें महिलाओं को भी शामिल करेंगे। हरीश रावत ने भाजपा पर स्थानीय उत्पादों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस अभियान में चलने वालों को कंडाली घास की टोपी पहनाएंगे तथा उत्तराखंड की रक्षा का संकल्प दिलाएंगे।
उन्होंने कहा कि टोपी हमारी स्मिता की प्रतीक है, लेकिन भाजपा सरकार ने उत्तराखंड व उत्तरखंडियत के विरुद्ध काम किया है। भराडीसैंण में होने वाले सत्र के न आयोजित करने पर उन्होंने प्रश्न उठाया तथा कहा कि पहले सरकार ने भराड़ीसैण में शीतकालीन सत्र कराने की तिथि घोषित की थी, लेकिन फिर सरकार पीछे हट गई। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या ठंड के कारण विधानसभा का सत्र भराडीसैंण में नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह हिमालयी राज्य का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस अपमान के लिए पुष्कर धामी सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए।



