
कांग्रेस का आरोप, मदिरा प्रेमी भाजपा सरकार कर रही कुशाभाऊ ठाकरे का अपमान
भोपाल- 12 दिसंबर। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रवक्ता रवि सक्सेना ने प्रदेश की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ तो भोपाल की ऐतिहासिक इमारत मिंटो हॉल का नामकरण भाजपा के पितृ पुरुष कुशाभाऊ ठाकरे पर कर अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं इस इमारत में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित रेस्टोरेंट में शराब परोसी जा रही है और भाजपा सरकार के अधिकांश आयोजन यहीं किये जा रहे हैं।
रवि सक्सेना ने कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या कुशाभाऊ जी ने इसी तरह की मदिरा प्रेमी भाजपा की परिकल्पना की थी? क्या उन्होंने भाजपा के इसी चाल, चरित्र और चेहरे को जनता के सामने रख “पार्टी विथ डिफरेंट” का स्वरूप प्रस्तुत किया था? जो उनके नामकरण वाली इमारत में निर्बाध रूप से शराब परोसी जा रही है?
उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह विपक्ष में रहकर शराब बंदी की वकालत करते थे, दूसरी तरफ़ पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती जी प्रदेश में अपनी ही सरकार के खिलाफ़ शराब बंदी के लिए आंदोलन करने की प्रतिज्ञा कर रहीं थी। क्या इन्हें और भाजपा के संगठन को अपने पितृ पुरुष के नामकरण वाली इमारत में शराब और कबाब की पार्टियों पर किंचित मात्र भी चिंता नहीं होती?
रवि सक्सेना ने कहा यदि भाजपा को अपने पितृ पुरुष के आदर्शों का लेश मात्र भी सम्मान है तो इस भवन में पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित रेस्टोरेंट में शराब परोसने पर तत्काल प्रतिबंधित लगा देना चाहिए अन्यथा ये समझा जायेगा कि शिवराज सरकार ने मदिरा प्रेम में अपने पितृ पुरुष के आदर्शों को तिलांजलि दे दी है।



