
कांग्रेस उम्मीदवार इन्द्रनील राजगुरु ने अल्लाह और महादेव को एक बताया, BJP सहित साधु संतों ने जताई आपत्ति
अहमदाबाद- 27 नवंबर। गुजरात विधानसभा चुनाव में एक चुनावी सभा में राजकोट पूर्व के कांग्रेस उम्मीदवार ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उम्मीदवार इन्द्रनील राजगुरु ने राजकोट शहर के जंगलेश्वर क्षेत्र में चुनावी सभा में अल्लाह और महादेव को एक बताया। इतना ही नहीं कांग्रेस उम्मीदवार ने यह भी दावा किया कि सोमनाथ में अल्लाह और अजमेर में महादेव बैठे हैं। इस सभा में उन्होंने अल्लाहुअकबर का नारा भी लगाया।
सभा में इन्द्रनील राजगुरु ने कहा कि इंसान का खून निकालो तो सभी एक ही है, इसमें अल्लाह और महादेव नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि वे सोमनाथ जाते हैं तो भी उन्हें आनंद आता है और अजमेर जाते हैं तो भी आनंद आता है। अजमेर में भी महादेव बैठे हैं और सोमनाथ में भी अल्लाह बैठे हैं। इन्द्रनील के इस बयान पर भाजपा और साधु-संतों ने आपत्ति दर्ज की है। राजकोट पूर्व से भाजपा उम्मीदवार उदय कानगड ने कहा कि यह बयान हिन्दूओं को आहत करने वाला है। चैतन्य शंभु महाराज ने इन्द्रनील राजगुरु के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह बयान हिन्दू समाज के साथ ही मुस्लिम समाज के लिए भी अपमानजनक है।



