
कर्नाटक विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 66 प्रतिशत मतदान
नई दिल्ली- 10 मई। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए बने 58,545 मतदान केन्द्रों पर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कहीं से किसी भी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। शाम 6 बजे तक चले मतदान का प्रतिशत लगभग 65.87 रहा। लोकतंत्र के पर्व में प्रदेशभर के मतदाताओं ने उत्साह से भागीदारी की और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव आयोग ने 80 से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग वोटरों के लिए घर से ही वोटिंग की सुविधा दी थी। कर्नाटक में पहली बार 94 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों ने घर से वोट डाला।
इसके अलावा, जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 50.27 प्रतिशत और मेघालय की सोहिओंग सीट पर टाले गए चुनाव से जुड़े मतदान में 91.39 फीसदी वोट पड़े। वहीं विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव की बात की जाए तो ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट पर 68.12 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर स्थित छानबे सीट पर 39.51 प्रतिशत और रामपुर जिले की स्वार सीट पर 44.95 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कर्नाटक के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि गुजरात, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा और अब कर्नाटक राज्य में हुए 6 चुनावों के दौरान 1.26 लाख से अधिक मतदान केंद्रों में से नगालैंड में केवल 4 मतदान केन्द्रों पर ही पुनर्मतदान कराया गया।
वहीं एक घटनाक्रम में बेल्लारी के कोरलगुंडी गांव से दुर्लभ घटना की सूचना मिली। पोलिंग बूथ पर 23 साल की एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। महिला अधिकारियों और महिला मतदाताओं ने बच्चे को जन्म देने में मदद की।
कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 25 मई को समाप्त होने वाला है। कर्नाटक में आज हुए मतदान में 2615 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। इसमें 2430 पुरुष, 184 महिला और एक ट्रांसजेंडर है। मतदाता सूची के अनुसार राज्य में 5.3 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 5.55 लाख दिव्यांग मतदाता हैं।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा की जालंधर सीट से सांसद चौधरी संतोख सिंह की 14 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। ओडिशा के झारसुगुड़ा विधायक व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की हत्या कर दी गई थी। उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर स्थित छानबे सीट से विधायक राहुल प्रकाश कोल का बीमारी के चलते निधन हो गया था। सपा विधायक अब्दुल्ला आजम की विधायकी रद्द होने के बाद रामपुर जिले की स्वार विधानसभा सीट खाली हो गई थी। वहीं मेघालय में हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव के दौरान सोहिओंग में यूडीपी प्रत्याशी एचडीआर लिंगदोह के निधन के चलते चुनाव टाल दिया गया था।
आयोग के अनुसार अग्रिम योजना, प्रौद्योगिकी के उपयोग, संपूर्ण समीक्षा और सख्त निगरानी से कर्नाटक में सुचारू चुनाव सुनिश्चित हुआ। आज तक विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा कुल 375 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती की गई, जो पिछले विधानसभा चुनाव से 4.5 गुना अधिक है। इस जब्ती में नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातु और मुफ्त उपहार शामिल रहे।
आयोग के अनुसार 100 मिनट के प्रतिक्रिया समय के भीतर शिकायतों को दर्ज करने और हल करने के लिए सी विजल ऐप का व्यापक उपयोग हुआ। 9 मई (शाम 5 बजे) तक प्राप्त कुल 18,321 शिकायतों में से 16,551 को सही पाया गया और उनका निस्तारण कर दिया गया है।