
कटिहार मेडिकल कॉलेज का डीन बनकर युवक से 5.50 लाख रुपये हड़पने वाला ठग गिरफ्तार
जयपुर/राजस्थान, 27 नवंबर । विशेष अपराध एवं साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कटिहार मेडिकल कॉलेज का डीन बनकर युवक से 5.50 लाख रुपये हड़पने वाले ठग को मालबाजार, जलपाईगुडी (पश्चिम बंगाल) से गिरफ्तार किया है। आरोपित को ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर जयपुर लाया जा रहा है। थानाधिकारी सतीश चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अरिजित दास (31) निवासी राजापाडा,माल बाजार,जलपाईगुडी का रहने वाला है।
आरोपित अरिजितदास द्वारा परिवादी से फोन पर संपर्क कर कटिहार मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2019 की मैनेजमेन्ट सीट पर एमबीबीएस करवाने का झांसा देकर खुद के बैंक खातों मे लाखों रुपये जमा करवा लिए थे। आरोपित ग्राहक सेवा केन्द्र चलाता है तथा आधार कार्ड,पेन कार्ड बनाने व बैंक खाते खोलने अन्य ऑनलाईन कम्यूटर द्वारा कार्य करता है, इसलिए मेडिकल कॉलेजेज में सीटों के बारे में पूर्ण जानकारी रखता है।



