
कच्चा मकान गिरने से दो सगे भाइयों समेत बहन की दबकर मौत
उन्नाव- 16 सितम्बर। असोहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कांथा में बीती रात्रि तेज बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवार गिरने से सो रहे एक ही परिवार के तीन बच्चे दब गए। घर गिरने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंची और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। शुक्रवार को घटना की सूचना पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असोहा थाना क्षेत्र के कांथा गांव के रहने वाले ज्ञान प्रकाश रैदास कच्चे घर में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। दो दिन से जनपद में हो लगातार बारिश के चलते बीती रात करीब डेढ़ बजे कच्चा मकान भर भराकर गिर गया। मकान के मलबे में ज्ञान प्रकाश के सो रहे दो बेटे अंकित (20), अंकुश (4) ओर बेटी उन्नति (6) दब गए। घटना के समय अंकित ने साथ लेटी मां कांति को बाहर भेज दिया था। पड़ोसी मकान गिरने की जानकारी पर पहुंचे और सभी को मलबे से निकालते हुए उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तीनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्राम प्रधान सुनील लोधी की सूचना एसडीएम अजीत जायसवाल, सीओ विक्रमाजीत सिंह और एसओ सुरेश सिंह सहित क्षेत्रीय कानूनगो और लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक भी आज सुबह मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पर पूर्व विधायक उदयराज यादव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।



