बिहार

ओमीक्रोन के खतरे के बीच बिहार में बढ़ी सख्ती

पटना- 01 दिसंबर। कोरोना के नए स्ट्रेन ओमीक्रोन को लेकर सख्ती फिर से बढ़ने लगी है। राज्य सरकार ने कोविड-19 गाइडलाइन में रियायतों का सिलसिला फिलहाल रोक दिया है। इसी के साथ कई स्तर पर सख्ती पहले से अधिक बढ़ा दी गई है। बिहार में अभी अनलॉक-9 लागू है, जिसकी मियाद अगले 15 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है यानी अभी अनलॉक-10 लागू नहीं होगा। आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में गृह विभाग ने 20 नवंबर से 30 नवंबर तक के लिए जारी निर्देशों को एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। आपदा प्रबंधन समूह ने कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के खतरों को देखते हुए कुछ नए नियम निर्धारित किए हैं, जिनका पालन अनिवार्य किया गया है।

पूर्व के शेष निर्णय जैसे दुकानों प्रतिष्ठानों में मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था रखना, सभी स्कूल, शिक्षण संस्थान को यथावत खुले रखना, शारीरिक दूरी का पालन करना,विवाह और श्राद्ध समारोह में कोविड अनुकूल व्यवहार जैसे नियम अनिवार्य रूप से प्रभावी रहेंगे। जिलाधिकारी और एसपी को निर्देश दिया गया है कि वे निगरानी रखें। नियम तोड़ने वाले संस्थानों या व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

गृह विभाग ने कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्रोन को देखते हुए यह निर्णय किया है कि विदेश से आने वाले व्यक्तियों की विशेष रूप से कोविड जांच कराई जाएगी। वैसे देश जहां ओमीक्रोन के मरीज पाए गए हैं वहां के यात्रियों को बिहार पहुंचने के बाद क्वारंटाइन किया जाएगा। हवाई यात्रा कर बिहार पहुंचने वाले हर यात्री की कोरोना जांच कराने का फैसला भी लिया गया है। इस जांच से वैसे व्यक्ति मुक्त रहेंगे जिनके पास 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव होगी। केंद्र सरकार ने बिहार को वैसे यात्रियों की सूची सौंपी है जो हाल में विदेश से आए हैं। आपदा प्रबंधन समूह का फैसला है कि इन सभी यात्रियों का ट्रैक कर इनकी जांच कराई जाएगी और आवश्यकता के आधार पर उन्हें आइसोलेट भी किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन समूह का फैसला है कि प्रदेश में प्रतिदिन दो लाख टेस्ट से अधिक किए जाएंगे। साथ ही टीकाकरण की रफ्तार भी बढ़ाई जाएगी। विभाग ने आम लोगों में मास्क और सामाजिक दूरी के संबंध में एक बार फिर जागरूकता अभियान चलाने और प्रशासन को इस पर सख्ती बरतने को कहा है। गृह विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों की व्यवस्था विशेषकर आक्सीजन और आइसीयू की उपलब्धता की समीक्षा कर ले। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षित कर्मी तकनीकी कर्मी हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button