
ऑनलाइन क्लास लेने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी टेबलेट: ऊर्जा राज्यमंत्री
मीरजापुर, 06 जनवरी। कोरोना काल में छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में ऑनलाइन लेने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के टेबलेट वितरण कार्यक्रम के तहत गुरूवार को ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशकर सिंह पटेल,विधायक नगर रत्नाकर मिश्र एवं विधायक मझवा शुचिस्मिता मौर्या व जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने निशुल्क टैबलेट का वितरण किया। नगर के जुबली इण्टर काॅलेज में स्थापित अभ्युदय योजना के सभागार में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं को स्कूलों में कक्षाओं एवं कोचिंग सेंटरों के संचालित न होने के दौरान यह टेबलेट ऑनलाइन क्लास लेने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रतिभावान व मेधावी, लगनशील एवं परिश्रमी सभी संवर्ग के छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए नि:शुल्क शिक्षा अभ्युदय योजना के तहत मुहैया करा रही है। मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ के नेतृत्व में टैबलेट देकर छात्र-छात्राओं को जहां सम्मानित किया जा रहा है वही उनकी प्रतिभा को निखारने की भी कोशिश की जा रही है। विधायक मझवा शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने तथा घर बैठे प्रतियोगिताओं की तैयारी, ऑनलाइन क्लास लेने के साथ ही विभिन्न आवेदनों को भरने में यह टैबलेट सहायक सिद्ध होगी। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने अभ्युदय योजना के उपस्थित छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का मूल मंत्र देते हुए बताया कि किसी भी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्रबल आत्मविश्वास आवश्यक है। कहा कि बिना दृढ़ संकल्प के किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त नहीं की जा सकती। कार्यक्रम का संचालन जुबली इण्टर काॅलेज के प्रधानाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने किया। इस दौरान उप निदेशक समाज कल्याण केएन गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दूबे के अलावा अन्य अधिकारी व अध्यापक मौजूद रहे।



