
एल्पस कंपनी में लगी आग,दमकल विभाग ने पाया काबू
हरिद्वार- 06 नवंबर। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल की धागा बनाने वाली कंपनी एल्पस में लगी भीषण आग आस-पास की फैक्टरियों में पहुंचती उससे पहले अग्निशमन विभाग की दमकलों ने आग पर काबू पा लिया।
सिडकुल स्थित एल्पस कंपनी में शनिवार शाम अचानक आग लग गई देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना कंपनी कर्मियों ने अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र कुंवर ने बताया कि आग लगने की सूचना के तुरंत बाद हमारी टीम मौके पर पहुंची थी और काफी प्रयास के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका लेकिन जानकारी मिली है कि धागा बनाने वाली मशीनरी में तकनीकी प्रॉब्लम आने के कारण चिंगारी पास में रखे धागे के बंडलों में जा गिरी, जिसका किसी को पता नही चला और देखते ही देखते आग ने एक विकराल रूप ले लिया। कोई जनहानि नही हुई है। फैक्टरी के अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।



