
एक नयी सोच कमेटी के तत्वधान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले विधायक समीर महासेठ, कहा-प्रतिभा सम्मान से बढ़ता बच्चों का मनोबल
मधुबनी- 28 मई। वर्ष 2022 में मैट्रिक व इंटर में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले करीब डेढ़ सौ से अधिक छात्र-छात्राओं सहित सामाजिक क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। पंडौल प्रखंड क्षेत्र के सकरी बाजार स्थित गंगा विवाह भवन के सभागार में एक नयी सोच कमेटी संस्था की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधुबनी विधायक समीर कुमार महासेठ,बीडीओ डॉ0 अभिजीत चोधरी,सीओ नंदन कुमार,डॉ0 शकील अहमद, जिप सदस्या सईदा बानो,मुखिया कबीरूद्दीन उर्फ आरजु,सरपंच मो0 ताहिर, बीजेपी नेता मनोज कुमार चोधरी,पूर्व मुखिया राम बहादुर चोधरी,नौशाद अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद संस्था की ओर से सभी आगत अतिथियों को साफा, मेडल व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

तत्पश्चात मधुबनी से आए नृत्य के कलाकारों ने झिझिया नृत्य की प्रस्तुति कर सभी लोगों का मन मोह लिया। उपस्थित सभी छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक समीर कुमार महासेठ ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे अपने कैरियर के प्रति ज्यादा रुचि लेने लगते हैं। उन्होंने एक नयी सोच कमेटी के संस्थापक अयाज महमूद रूमी की प्रशंसा करते हुए कहा की इस तरह का प्रतिभा सम्मान समारोह हर साल आयोजित हो ताकि शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त हो।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2022 में मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में प्रथम तथा द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण डेढ़ सौ से अधिक छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। एक नयी सोच कमिटी के संस्थापक अयाज महमूद रूमी ने सभी बच्चों का हौसला अफजाई करते हुए पढ़ाई के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी रुचि लेने की बात कही। कहा कि सामाजिक क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद करने से आत्मीय सुख प्राप्त होता है।

उन्होंने जल्द ही सकरी बाजार में छात्र छात्राओं के लिए निःशुल्क अंग्रेजी व कंप्यूटर की शिक्षा शुरू करने की बात कही। इसके साथ ही पंडौल पीएचसी प्रभारी डॉ0 शकील अहमद, मनोज कुमार चोधरी, मो0 हामिम,मो0 इश्तेयाक,पीएसआई निधि रानी, मो0 मोजम्मिल, मो0 नौशाद आलम को समाज में उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

साहसिक पत्रकारिता सम्मान से मो0 आकिल हुसैन,कुमार गौरव,करण विश्वास, प्रदीप मंडल,नुसरत यासमीन,किशोर कुमार सहित अन्य को म्मानित किया गया। वहीं अयाची नगर युवा संगठन के संस्थापक सदस्य विक्की मंडल,डॉ0 शकील अहमद,राम बहादुर चोधरी को कोरोना वारियर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। जबकि उदय जायसवाल,मलयनाथ मिश्र व आनंद मोहन झा को साहित्य सेवा सम्मान दिया गया। मौके पर पूर्व मुखिया जिवछ यादव,शहबाज महमूद मिनु,प्रो.मो0 जुनैद,मो0 कमाल,मो0 इंतजार, अशोक यादव,मो0 मोजम्मील सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



