
एक करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोगों ने छोड़ी शराब: CM नीतीश
भागलपुर- 22 जनवरी। समाज सुधार यात्रा के क्रम में मंगलवार को भागलपुर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हवाई अड्डा में आयोजित संवाद के दौरान जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए नशामुक्ति के फायदे गिनाए। सीएम ने कहा कि साल 2015 के चुनाव में जीविका दीदियों ने शराबबंदी की मांग की थी। शराबबंदी से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। महिलाओं ने शराबबंदी के फायदे बताए। शराब पीने से कई घर बर्बाद हो रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी से परिवारों में खुशियां लौटी है। एक करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोगों ने शराब छोड़ी है। पहले जो बुरा लगते थे, अब वो अच्छा लगने लगे हैं। बिहार में शराबबंदी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर वो चिंतित रहते हैं। गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने का काम किया है। आज किसी कोने से 5 घंटे में पटना पहुंच सकते हैं। पोशाक और साइकिल योजना से तस्वीर बदली है।बिहार में पहले अस्पतालों की हालत बेहद खराब थी। लोग इलाज के लिए नहीं जाते थे। लेकिन आज सूरत बदल गई है। चिकित्सकों की तैनाती हुई है। मेडिकल कॉलेज खुले हैं।
सीएम ने कहा कि हमारा 10 लाख स्वंय सहायता समूह के गठन का लक्ष्य था। आज इस समूह में करोड़ों लोग जुड़ गए हैं। आगे भी समूह का निर्माण होता जाएगा।सरकारी सेवा में महिलाओं को आरक्षण मिला, पुलिस विभाग में महिलाओं को पूरा आरक्षण मिला, पंचायत राज व्यवस्था में भी महिलाओं को भागीदारी मिली है।
नीतीश कुमार ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं को 5 लाख तक का अनुदान मिलेगा। उसके बाद टैक्स फ्री पूंजीगत मदद दी जाएगी। ये योजना हर वर्ग के लिए है। दहेज प्रथा और बाल विवाह को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दहेज ले, ऐसे लोगों की शादी में शिरकत न करें। दहेज प्रथा के खिलाफ लगातार अभियान चलाएं। शराब पीने वालों को सावधान करते हुए कहा कि दारू पियोगे तो मरोगे।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से भागलपुर के हवाई अड्डा पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान जीविका दीदियों ने गीत के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद कई जीविका दीदियों ने मंच से शराबबंदी को लेकर व बाल विवाह प्रथा को लेकर अपना अनुभव साझा किया।
समाज सुधार अभियान के दौरान उनके साथ भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री रामसूरत राय, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार, उत्पाद निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमृत प्रत्यय, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्य सचिव दीपक कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



