भारत

 उपचुनाव में भाजपा का शानदार प्रदर्शन, आजमगढ़ और रामपुर सीट सपा से छीनी

नई दिल्ली- 26 जून। देश की तीन लोकसभा और चार राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं। उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी (सपा) से छीन ली है। रामपुर सीट को सपा नेता आजम खान का गढ़ माना जाता रहा है। भाजपा ने इस मिथक को चकनाचूर कर दिया। पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान जीत गए हैं। त्रिपुरा में मुख्यमंत्री मानिक साहा ने टाउन बरदोवाली विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट पर सपा को हार का सामना करना पड़ा है। यहां भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा के उम्मीदवार आसिम राजा को हराया। भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी को 3,67,397 और सपा के असीम रजा को 3,25,205 मत मिले हैं। आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को 3,12,768 मत मिले हैं। सपा के धर्मेंद्र यादव को 3,04,089, बसपा के गुड्डू जमाली को 2,66,210 वोट मिले हैं। निरहुआ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के धर्मेंद्र यादव को 8,679 मतों से हराया। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट क्रमशः सपा मुखिया अखिलेश यादव और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के इस्तीफे के चलते रिक्त हुई थी।

पंजाब में विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी अपनी जमीन खोती दिख रही है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान संगरूर लोकसभा क्षेत्र से 5,822 मतों से जीते हैं। इस सीट पर भगवंत मान दो बार जीते थे। पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 11,468 मतों से जीत मिली है। दुर्गेश पाठक को कुल 40,319 मत मिले, जबकि 28,851 मतों के साथ भाजपा के राजेश भाटिया दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस को मात्र 2,014 मत ही मिले हैं।

झारखंड की राजधानी रांची के मांडर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सत्ताधारी गठबंधन की संयुक्त उम्मीदवार कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की गंगोत्री कुजूर को 23,517 मतों से हराया। शिल्पी नेहा तिर्की को 95,062 मत मिले, जबकि गंगोत्री कुजूर को 71,545 मत हासिल हुए।

आंध्र प्रदेश की आत्माकुर सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। एम. विक्रम रेड्डी ने 82,888 वोटों से अपने निकटतम उम्मीदवार भाजपा के भरत कुमार को हराया है। वहीं, त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। त्रिपुरा की टाउन बरदोवाली सीट से भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री मानिक साहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 6,104 वोटों से जीत दर्ज की है। यहां की जबराजनगर और सूरमा सीट भी भाजपा ने जीती है। अगरतला में कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन ने जीत दर्ज की है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button