भारत

उत्तर भारत में कांपती ठंड, बर्फीली हवा से पारा शून्य

नई दिल्ली- 16 जनवरी। जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत के मैदान कांप उठे हैं। कई जगह तो तापमान माइनस में पहुंच गया है। कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। उत्तर रेलवे की 13 गाड़ी सोमवार को एक से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं। यह जानकारी रेलवे के एक अधिकारी ने दी।

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा के झोंको से समूचे उत्तर भारत में कंपकपी छूट गई है। इस बीच रविवार को राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान है। चुरू में यह शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और पंजाब के फरीदकोट में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 4.7 दर्ज किया गया।जाफरपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 3.8 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में 3.0 डिग्री सेल्सियस और रिज में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली में स्वचालित मौसम केंद्र उजवा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने ट्वीट करके यह आंकड़ा साझा किया। हालांकि, विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह कहते हुए कि उजवा स्थित स्वचालित मौसम यंत्र “काम नहीं कर रहा है”, इसकी पुष्टि करने से इंकार कर दिया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि हवा में नमी का स्तर 31 से 81 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में क्रमश: 4.9, 4.2, 8, 1 और 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो शनिवार की तुलना में आधा डिग्री सेल्सियस कम है। सीमांत जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो एक रात पहले की तुलना में पांच डिग्री सेल्सियस कम है। यह जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा।

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 16, 17 और 18 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है। राजस्थान,पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शीतलहर चलेगी। विभाग ने दिल्ली के लिए 21 जनवरी तक येलो अलर्ट किया गया है। इस अवधि में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और तीन डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button