ताज़ा ख़बरें

इमरान पर हमला के बाद पाकिस्तान में सेना के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग

इस्लामाबाद- 04 नवंबर। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हुए हमले के बाद इमरान समर्थकों का आंदोलन उग्र रूप लेता जा रहा है। सेना के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं। आगजनी होने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लाहौर से इस्लामाबाद तक आजादी मार्च निकाल रहे थे। गुरुवार को इस मार्च के सातवें दिन वजीराबाद में जफर अली खान चौक के पास इमरान खान के वाहन के पास इमरान को निशाना बनाकर गोलियां बरसाई गयीं। ताबड़तोड़ चली गोलियों में इमरान खान को भी गोलियां लगीं। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और इमरान खान सहित नौ लोग घायल हो गए थे। इमरान को गोली लगने के बाद लाहौर के शौकत खान मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। इमरान पर हमले को लेकर पाकिस्तान में सियासी घमासान मच गया है। इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक- ए-इंसाफ ने देशव्यापी प्रदर्शनों का ऐलान किया है।

इमरान समर्थकों ने शुक्रवार को दिनभर पूरे पाकिस्तान में घूम-घूम कर अपने नेता पर हुए हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया। इमरान समर्थक कई स्थानों पर उग्र भी हो गये। फैजाबाद में इमरान समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ बल प्रयोग भी किया। उग्र इमरान समर्थकों ने पथराव करने के साथ आगजनी भी की। पुलिस ने लाठी चार्ज कर इन्हें खदेड़ा। इस घटनाक्रम के बाद सरकार ने रावलपिंडी पुलिस को उग्र प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती से पेश आने और उन्हें कानून हाथ में न लेने देने के निर्देश दिए हैं।

इमरान समर्थक सेना पर भी अपना गुस्सा उतार रहे हैं। भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। पेशावर के कोर कमांडर मेजर जनरल फैसल के खिलाफ खुल कर प्रदर्शन किये जा रहे हैं। इमरान खान की ओर से जिन लोगों पर हमले की साजिश का आरोप लगाया है उनमें मेजर जनरल फैसल का भी नाम है। इन आरोपों के बाद खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर जिले में स्थित मेजर जनरल फैसल के घर के बाहर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ये लोग फैसल के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस प्रदर्शन का वीडियो भी इमरान की पार्टी द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button