
इटली के विदेश मंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर आएंगे भारत
नई दिल्ली- 04 मई। इटली के विदेश मामलों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री लुइगी डि माओ 4-6 मई तक की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। मंत्री डि माओ की यह पहली भारत यात्रा होगी। उनके साथ एक उच्च स्तरीय अधिकारी और व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 6 मई को विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और नवंबर 2020 में वर्चुअल समिट में शुरू की गई कार्य योजना 2020-24 के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान आपसी हित के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी होगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार मंत्री डि माओ वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मिलेंगे और एक व्यापार गोलमेज की सह-अध्यक्षता करेंगे। दिल्ली पहुंचने से पहले मंत्री डि माओ बेंगलुरू जाएंगे जहां वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत और इटली के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में इनमें गति देखी गई है। दोनों देश संबंधों को मजबूत करने के लिए व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ और हरित ऊर्जा तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में पर ध्यान दे रहे हैं।



