ताज़ा ख़बरें

इजरायल-भारत स्वाभाविक सहयोगीः राष्ट्रपति हरजोग

यरुशलम- 02 दिसंबर। इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हरजोग ने कहा है कि भारत और इजरायल स्वाभाविक सहयोगी हैं। दोनों लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता से बंधे हैं। राष्ट्रपति हरजोग ने यह टिप्पणी यहां गुरुवार शाम एक प्रदर्शनी में की। इसमें भारतीय देवी- देवताओं की मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं।

हरजोग ने इजरायल संग्रहालय में ‘बॉडी ऑफ फेथ: स्कल्पचर फ्रॉम द नेशनल म्यूजियम ऑफ इंडिया’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी को दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा-‘यह शाम भारतीय लोगों के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देते हुए हमारी साझा मानवता के दृष्टिकोण को सामने लाती है। यह दोनों देशों की कला और संस्कृति का प्रतिबिंब है।’

इजराइल संग्रहालय के प्रवक्ता के मुताबिक प्रदर्शनी में चौथी और तेरहवीं शताब्दी के बीच निर्मित 14 भारतीय प्रतिमाएं प्रदर्शित की गई हैं। इनमें से कुछ नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय से मंगवाई गई हैं। उधार में ली गई इन प्रतिमाओं को वापस भी किया जाएगा। छह महीने तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में अकादमिक वार्ता और भारत के चयनित कलाकारों के विशेष व्याख्यान भी होंगे।

इजरायल के राष्ट्रपति ने कहा-‘यह कितने सम्मान और खुशी की बात है। मुझे प्रदर्शनी देखने का सौभाग्य मिला और यह अविश्वसनीय है। इस सहयोग से लोगों को उत्कृष्ट मूर्तियों के अवलोकन के साथ ही हिंदू संस्कृति के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी। ये उत्कृष्ट कृतियां भारतीय इतिहास में तीन अलग-अलग अवधि की हैं।’ हरजोग ने उद्घाटन समारोह को ‘संस्कृति, इतिहास और मित्रता की अद्भुत शाम’ बताया। इस मौके पर इजरायल में भारत के राजदूत संजीव सिंगला भी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button