
आसमान साफ होने से रात में गिरेगा तापमान, बढ़ेगी सर्दी
कानपुर- 16 दिसम्बर। उत्तरी पश्चिमी हवाओं से दिन के तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को दिन का तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया, हालांकि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे ही रहा। वहीं रात का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। मौसम विभाग का कहना है कि आसमान साफ होने से रात का तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि पूर्व मध्य और इससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर बना गहरा दबाव पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ा है। सुबह 5:30 बजे आईएसटी 16 दिसंबर अक्षांश 14.10 उत्तर और देशांतर 65.10 डिग्री पूर्व के करीब अमानी देवी (लक्षद्वीप) के लगभग 890 किमी पश्चिम उत्तर-पश्चिम में था। यह पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल जाएगा। अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव वाला क्षेत्र दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर एक निम्न दबाव में बदल गया है। यह पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है और 17 दिसंबर की सुबह तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर अपनी तीव्रता बनाए रख सकता है।
उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 87 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 39 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं, जिनकी औसत गति 3.6 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के साथ रात के तापमान में गिरावट के कारण रात की सर्दी शुरू होगी, लेकिन दिन के तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। अभी वर्षा की कोई संभावना नहीं है।



