
आठ हजार रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार
पाली-2 नवंबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पाली में पुलिस स्टेशन कोतवाली के एएसआई धनराज को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसकी पेंट की जेब से रिश्वत राशि बरामद की गई है। एसीबी पाली चौकी के प्रभारी नरपत चंद ने बताया कि परिवादी के खिलाफ कोतवाली थाने में गत दिनों एफआइआर दर्ज हो रखी है। इस मामले में परिवादी व उसकी पत्नी को गिरफ्तार न करने की एवज में कोतवाली थाने के एएसआई धनराज ने परिवादी से ग्यारह हजार रुपये मांगे थे। जिसे देने में उसने असमर्थता जताई। तब एएसआई नौ हजार रुपये लेने पर राजी हुआ। शिकायत मिलने पर ब्यूरो ने गोपनीय सत्यापन कराया तो रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
तब ब्यूरो ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। परिवादी को रिश्वत राशि देने के लिए मंगलवार को एएसआई के पास भेजा गया। एएसआई ने परिवादी से आठ हजार रुपये लिए। तभी ब्यूरो की टीम ने दबिश देकर आठ हजार रुपये लेने पर एएसआई धनराज को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। धनराज हैड कांस्टेबल थे, वे दो साल पूर्व ही पदोन्नत होकर एएसआई बने थे। इस कार्रवाई से एकबारगी कोतवाली थाने में हड़कंप मच गया। अचानक एसीबी की टीम को देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए, देर रात तक कार्रवाई जारी रही।



