
आकांक्षा दुबे की मौत मामले में भोजपुरी गायक समर सिंह को 14 दिन के न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
वाराणसी- 08 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में शनिवार को आरोपी गायक समर सिंह को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस ने अदालत में आरोपित को 72 घंटे की पुलिस कस्टडी में रिमांड पर देने का प्रार्थना पत्र भी दिया। अदालत ने रिमांड प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए उसे संबंधित कोर्ट के समक्ष 10 अप्रैल सोमवार को प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
आरोपित गायक समर सिंह के अधिवक्ता उपेंद्र राणा यादव, अनूप सिंह,आशीष सिंह की ओर से जमानत के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसका एपीओ नागेंद्र मिश्रा व विजय पांडेय ने विरोध किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद आरोपित समर सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
अदालत से जेल ले जाते समय कुछ व्यक्तियों ने समर सिंह पर हमले का भी प्रयास किया। किन्तु पुलिस बल की मौजूदगी में इसमें सफल नही हो पाये। इस दौरान वहां मीडिया का जमावड़ा भी रहा। कोर्ट में समर सिंह के पेशी के दौरान आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी और उनके सहयोगी अधिवक्ता भी कोर्ट में मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समर सिंह को गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया था। गाजियाबाद की कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद वाराणसी पुलिस समर सिंह को लेकर शनिवार को वाराणसी पहुंची। दोपहर बाद उसे मेडिकल के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल होने के बाद उसे शाम को न्यायालय में पेश किया गया।



