
अमेठी के आरिफ का सारस पहुंचा कानपुर प्राणि उद्यान
कानपुर- 25 मार्च। उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी आरिफ और सारस की दोस्ती इन दिनों चर्चा में है। इस दोस्ती की चर्चा को बल तब और मिला जब वन विभाग की टीम ने आरिफ से सारस छीनकर पक्षी विहार में छोड़ दिया। अब यह सारस कानपुर प्राणि उद्यान पहुंच गया है और 15 दिनों तक क्वारंटाइन में रहेगा। इसके बाद सारस के अगले ठिकाने पर निर्णय लिया जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से यूपी का राज्य पक्षी सारस सुर्खियों में बना हुआ है। वहीं, सारस को लेकर जमकर सियासत भी हो रही है। टीवी से लेकर आमजन सारस का जिक्र कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि अमेठी के आरिफ और सारस के बीच एक अनोखी दोस्ती हुई, जो देशभर में चर्चा का विषय बन गई। इस दोस्ती को देखने सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी गए थे। मगर इसके बाद वन विभाग, सारस को आरिफ से अलग कर उसे समसपुर पक्षी विहार ले गया। इसी बीच खबर आई थी कि वह सारस गायब हो गया है। इस सारस के कथित तौर पर लापता होने के चलते यूपी की सियासत भी गरमा गई थी लेकिन बाद में सारस मिल गया था। इसके बाद शनिवार को नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान लखनऊ और रायबरेली के पशुचिकित्सक व कर्मचारियों की टीम सारस को लेकर कानपुर प्राणि उद्यान पहुंच गई।
कानपुर प्राणि उद्यान के मीडिया प्रभारी वीएस तोमर ने बताया कि डाक्टरों ने सारस का परीक्षण किया है वह पूरी तरह से स्वस्थ है। 15 दिनों तक डा. अनुराग सिंह, डा. नासिर और डा. नीतेश कटियार की देखरेख में सारस क्वारंटाइन रहेगा। इसके बाद विशेषज्ञ फैसला लेंगे कि यह सारस वन में रह सकता है कि नहीं, क्योंकि यह सारस काफी दिनों से लोगों के बीच रहा है।



