
अब मुस्लिमों को वोट की मशीन नही बनना चाहिए:ओवैसी
बिजनौर-19 दिसम्बर। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सभी बिरादरियों के अपने नेता हैं। मुसलमानों का कोई नेता नहीं है। इन नेताओं ने अपनी बिरादरी के लिए बहुत कुछ किया है, मुसलमानों को सिर्फ अपने वोटों के लिए इस्तेमाल किया है। लेकिन अब मुसलमानों को वोटों की मशीन नहीं बनना चाहिए।
नगीना में रायपुर रोड स्थित एक मैदान में शोषित वंचित समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दलितों ने मायावती को अपना नेता बनाया। यादवों ने अखिलेश को नेता बनाया। चौधरी चरण सिंह से लेकर जयंत तक कहते हैं कि जाट हमारे साथ हैं। कुर्मियों ने अपने नेताओं को पैदा किया। मुसलमानों का कोई नेता नहीं है। मुसलमानों को केवल वोट की मशीन नहीं मानना चाहिए उन्हें अपना नेता चुनना चाहिए और उसे जीता कर विधानसभा में भेजना चाहिए, जिससे वह उनके हक की लड़ाई लड़ सके।
ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में मुसलमानों की जनसंख्या 19 प्रतिशत है। मुसलमान जब कांग्रेस से नाराज हुए तो बसपा और सपा का साथ दिया। किसी ने नहीं कहा कि मुसलमान को सांसद व विधायक बनाओ।
ओवैसी ने कहा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नया गाना रहे हैं बच्चियों की शादी 18 साल में नहीं 21 साल में होगी, जब 18 साल का आदमी वोट डाल सकता है। बिजनेस शुरू कर सकता है। कानून यह भी कहता है कि 18 साल में मनपसंद लड़की से रिलेशनशिप कर सकते हैं। जब 18 साल में लड़की वोट दे सकती है। तो शादी क्यों नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि हम वजीर-ए-आजम से पूछना चाहते हैं कि मोदी सरकार आगरा की मस्जिद को खूबसूरत नहीं बना सकती, दिल्ली की जामा मस्जिद का पुनर्निर्माण नहीं कर सकती है, मथुरा की मस्जिद को सुधारा नहीं जा सकता है। अजमेर की दरगाह को खूबसूरत नहीं बनाया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी केवल जुबानी बात करते हैं। सबका साथ सबका विकास कहते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में 34 साल से सपा, भाजपा, बसपा की सरकार आई है। मुसलमानों कब करवट लोगे, आपको अपना नेता पैदा करना पड़ेगा। सब कहते हैं कि हम को वोट दे दो लेकिन जब सीएए ही बात होती है तो सभी पार्टियों के नेता चुप हो जाते हैं। सपा और बसपा वाले कहेंगे कि शेरवानी पहने लंबे आदमी पर यकीन न करो। उन्होंने कहा कि मुसलमान प्रदेश में 19 प्रतिशत है। और यदि चाहे तो अपनी नुमाइंदगी विधानसभा तक आसानी से पहुंचा सकते हैं, जो उनकी लड़ाई लड़ सके।
सपा-बसपा मुस्लिमों को लगातार डराती है और कहती है कि यदि तुम हमें वोट नहीं दोगे तो बीजेपी की सरकार बन जाएगी। लेकिन सपा बसपा ने मुसलमान को क्या दिया है। केवल दंगे। ओवैसी ने सभा के अंत में यह तक कह दिया कि नगीना के पूर्व चेयरमैन का इंतकाल हुआ। और नगीना के सपा विधायक उनके घर जाना तक गवारा नहीं समझा। वह सपा पर जमकर बरसते हुए उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे के समय 60 विधायक मुस्लिम थे। लेकिन किसी भी विधायक ने मुसलमानों की हिमायत नहीं की और न हीं किसी ने कुछ बोला। उन्होंने ने कहा कि बीजेपी सरकार जीएसटी लगा दी, जिससे सभी समान महंगे हो गए। पेट्रोल डीजल की कीमतें आसमान छू रही किसी भी मुद्दे पर बीजेपी ने अच्छा काम नहीं किया है और हर क्षेत्र में नाकाम साबित हुई है।
सभा के अंत में उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने सभी पार्टियों को देखा है, अब उन्हें अपना वजूद कायम रखने के लिए एआईएमआईएम को सरकार में हिस्सेदारी बनाने के लिए जिताना होगा। शोषित वंचित समाज सम्मेलन की अध्यक्षता मौलाना अली हसन की तथा संचालन संयुक्त रूप से इंतजार मूसा, मौलाना असजद कासमी व उस्मान कासमी ने किया।


