
अग्निपथ योजना पर राजनीति कर रही कांग्रेसः BJP
नई दिल्ली- 19 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘अग्निपथ योजना’ को लेकर कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि कुछ लोग राष्ट्रनीति को हजम नहीं कर पा रहे हैं, इस पर भी राजनीति कर रहे।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हमारी वायुसेना के पास विमान नहीं थे, 10 वर्षों तक तबकी कांग्रेस सरकार ने वायुसेना में एक भी विमान नहीं जोड़ा। केंद्र की मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद जब रॉफेल लाया तो इसमें भी कांग्रेस ने राजनीति की। हालांकि, उसका हश्र खुद कांग्रेस को भोगना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब फिर अग्निपथ योजना को लेकर राजनीति कर रही है।
पात्रा ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की संप्रग सरकार के समय रक्षा मंत्री रहे रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी का एक ही मंत्र था, “कोई काम नहीं, कोई सिरदर्दी नहीं।” एंटनी से एक बार पूछा गया कि वे बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों नहीं बनाते, तो उन्होंने कहा कि जो हमसे ज्यादा शक्तिशाली देश हैं वो बुरा मान जाएंगे इसलिए हम इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बनाते।
भाजपा नेता ने कहाकि चार साल बाद 75 प्रतिशत अग्निवीर कहां जाएंगे, उनका क्या होगा। आज इस बारे में तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारियों ने अक्षरशः समझाया गया है कि उनके लिए सरकार ने किस प्रकार के प्रावधान किए हैं।
पात्रा ने कहा किजिस प्रकार सेना की कॉन्फ्रेंस में लेफ्टिनेंट जनरल पूरी ने अग्निपथ योजना को समझाया है। अब इसके विषय में कोई संशय नहीं है।
पात्रा ने कहा कि कुछ विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। आज राष्ट्रनीतियों पर भी राजनीति हो रही है और सेना के अधिकारियों को आकर समझाना पड़ रहा है। सेना के अधिकारियों को कहना पड़ रहा है कि आगजनी और हिंसा के लिए इस देश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर विपक्ष क्या चाहता है। देश में अगर रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांस्फार्म नहीं होगा तो हमारा भारत महान कैसे बनेगा।
भाजपा प्रवक्ता ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 घण्टे काम करके रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांस्फार्म के पथ पर चलते हैं, अग्निपथ पर चलते हैं ताकि हमारा देश आगे बढ़ सके, हमारा भारत महान बन सके। लेकिन इस राष्ट्रनीति को कुछ लोग हजम नहीं कर पा रहे हैं, इसपर भी राजनीति हो रही है।



