
स्वास्थ्यवर्धक पेय नीरा को दें बढ़ावा:सीएम नीतीश
समस्तीपुर- 30 दिसंबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार शाम जन सुधार अभियान के अन्तर्गत समस्तीपुर-दरभंगा एवं मधुबनी जिले की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरा स्वास्थ्यवर्धक एवं उपयोगी पेय पदार्थ है। हम लोगों ने नीरा उत्पादन का कार्य अच्छे ढंग से शुरू कराया था। नालंदा जिले में भी नीरा उत्पादन को लेकर बेहतर कार्य किया गया था। कोरोना के कारण इसका कार्य बाधित हो गया है।
उन्होंने कहा कि नीरा उत्पादन के कार्य को बढ़ावा देने के लिए कार्य करें। ताड़ के पेड़ से नीरा का उत्पादन होने पर ताड़ी के व्यवसाय भी रोका जा सकेगा। नीरा के व्यवसाय से लोगों की आमदनी में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि ताड़ के पेड़ से नीरा उत्पादन का जो कार्य करेगा उसे सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत सहायता दी जायेगी। परंपरागत रूप से ताड़ी के कारोबार से जुड़े परिवारों को नीरा उत्पादन के लिए प्रेरित करें और सतत जीविकोपार्जन योजना से उन्हें जोड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाते रहने की जरूरत है। इसके लिए सभी को सजग रहना होगा। बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत करायें, उन्हें बताए कि यह खराब चीज है, गैरकानूनी है। इस काम के लिए जिला स्तर पर अधिकारी को जिम्मेवारी देनी होगी जो इस अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद के निपटारे के लिए थाने के स्तर पर अधिक मामले आ रहे हैं। इसका मतलब है कि आपके प्रति लोगों का विश्वास है। समस्या के समाधान होने से लोगों में आपके प्रति और विश्वास बढ़ेगा। भूमि विवाद के निपटारे के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से थाना,अनुमंडल एवं जिला स्तर पर सतत निगरानी करें। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में आरोप पत्र 60 दिनों के अंदर दाखिल करें ताकि पीड़ित को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
सीएम ने कहा कि अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिनियम के मामलों में लंबित मुआवजा राशि का भुगतान जल्द करायें। हर घर नल का जल योजना का कार्यान्वयन ठीक ढंग से हो इस पर नजर रखें। इस संबंध में जो भी जनप्रतिनिधि कोई शिकायत करते हैं तो उसकी जांच कर समाधान करायें। समीक्षा बैठक में समस्तीपुर दरभंगा एवं मधुबनी जिले के विधायक एवं विधान पार्षदगणों ने अपने-अपने क्षेत्र समस्याएं रखीं, जिसका त्वरित निष्पादन करने का मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया।
बैठक में शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री सह प्रभारी मंत्री समस्तीपुर श्रवण कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री सह प्रभारी मंत्री मधुबनी लेशी सिंह, पंचायती राज मंत्री सह प्रभारी मंत्री दरभंगा सम्राट चौधरी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन सुनील कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, श्रम संसाधन मंत्री जिवेश कुमार, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षद उपस्थित थे। बैठक की समाप्ति के पश्चात् समस्तीपुर के जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।



