
सीएम नीतीश ने पथ निर्माण विभाग के कार्यो की समीक्षा करने के बाद कहा- सड़क निर्माण की परियोजनाओं को जल्द पुरा करें
पटना- 27 जनवरी। सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुवार को पथ निर्माण विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आवागमन को सुगम बनाने के लिए राज्य में कई सड़कों एवं पुलों का निर्माण किया गया है तथा कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण करें,इससे लोगों को आवागमन में और सहूलियत होगी। इससे बिहार आनेवाले पर्यटकों को राज्य के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर जाने में सहूलियत होने के साथ समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के अतंर्गत सुलभ संपर्क को बढ़ाने के लिए तेजी से काम करें।
इसके पहले अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण प्रत्यय अमृत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने सत्तर घाट पुल,बख्तियारपुर ताजपुर प्रोजेक्ट,जेपी गंगा पथ,मीठापुर टू करबिगहिया फ्लाइओवर के कार्य प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव ने बिहटा सरमेरा रोड,अटल पथ,मीठापुर महुली एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट, कच्ची दरगाह -बिदुपुर 6 लेन गंगा ब्रिज के निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सात निश्चय पार्ट-2 के तहत सुलभ संपर्कता के संबंध में भी जानकारी दी।
इस मौके पर एनएचएआई के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने बिहार में चल रही तथा शुरू की जाने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर, राम जानकी पथ, अमटा सिमरिया 6 लेन (एनएच-31), पटना-गया डोभी रोड,जेपी सेतु के समानांतर पुल,बिक्रमशिला सेतु आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।



