भारत

सत्ता के लिए अलगाववादियों से हाथ मिलाने को तैयार आप और कांग्रेस: PM

अबोहर- 17 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को फाजिल्का के अबोहर में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की तुलना दुश्मन देश पाकिस्तान से करते हुये कहा कि सत्ता पर काबिज होने के लिये दोनों दल पंजाब को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं। वे लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने यहां आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये सूबे के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विवादित बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों पर जो टिप्पणी सूबे के मुख्यमंत्री ने की है, वह निराशाजनक है। यह स्मरण रखना चाहिये कि गुरु गोबिंद सिंह और संत गुरु रविदास स्वयं पंजाब के बाहर पैदा हुए थे। लेकिन यहां के लोगों में उनके प्रति गहरी श्रद्धा है।

आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, उसे पूरे देश ने देखा। दरअसल, वे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तरफ संकेत कर अपनी बात रख रहे थे।

मोदी ने कहा कि अराजकता और अलगाव के नशे में डूबे लोगों को पता नहीं कि पंजाब क्या है! पंजाब उन गुरुओं और शहीदों की भूमि है, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये थे। पंजाब और भारत किसी की साजिशों से टूटने वाला नहीं है।

पंजाब को सुरक्षित रखने और उसका विकास करने की शपथ लेते हुये प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को किसानों और रोजगार के लिए घातक बताया। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने किसानों को हमेशा धोखा दिया है। स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों को लागू करने की मांग सालों से देश में थी। लेकिन कांग्रेस सरकारें झूठ पर झूठ बोलती रही। जब केंद्र में हमारी सरकार बनी तो हमने उन सिफारिशों को लागू किया।

अपने संबोधन में मोदी ने पंजाब के विकास के लिए भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन के वास्ते जनता से पांच साल मांगे। उन्होंने कहा कि पंजाब को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो राष्ट्रवादी और सूबे के विकास के लिए समर्पित हो। हमने पंजाब को सुरक्षित रखने और उसका विकास करने की शपथ ली है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरे पंजाब में आज एक सुर में एक ही आवाज उठ रही है कि भाजपा को जिताना है। एनडीए को जिताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनानी है। डबल इंजन की सरकार का मतलब पंजाब का इस दशक में सबसे तेज विकास। डबल इंजन की सरकार मतलब पंजाब से रेत माफिया, ड्रग माफिया की विदाई। डबल इंजन की सरकार का मतलब पंजाब की औद्योगिक इकाइयों में नई ऊर्जा। डबल इंजन की सरकार मतलब पंजाब के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के नए मौके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के इतने सारे राज्य हैं, जहां कांग्रेस एक बार गई तो फिर लौटकर नहीं आ पाई। जब भाजपा को आशीर्वाद मिल गया, तो कांग्रेस पूरी साफ हो गई।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा निशाना साधते हुये कहा कि जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते हैं, वे लोग पंजाब में आपसे वोट मांग रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कुमार विश्वास के आरोप का जिक्र करते हुये अरविंद केजरीवाल की मंशा को ‘खतरनाक’ बताया। उनका एजेंडा और दुश्मन देशों का एजेंडा एक जैसा है। उनका सपना पंजाब को तोड़ना है। सत्ता हासिल करने के लिए देश को तोड़ना भी पड़े तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। सवालिया लहजे में मोदी ने कहा कि क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है।

आयुष्मान कार्ड के उपचार की सुविधा को दिल्ली में लागू नहीं किये जाने को लेकर केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इस बात पर अफसोस जाहिर करते हुये कहा कि अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है, तो भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ में इलाज हो जाएगा, लेकिन दिल्ली जाएंगे तो वहां के मुख्यमंत्री दिल्ली की अस्पताल में इलाज के लिए मना कर देंगे। क्योंकि वे इस योजना से जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते, वे लोग आपसे वोट मांग रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है? उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों को मिल रहा है। आयुष्मान भारत कार्ड से पंजाब का नागरिक हिन्दुस्तान में कहीं भी जाएगा, उसको इलाज मुफ्त मिलेगा। पंजाब को नशा मुक्त करने को लेकर केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि दिल्ली की गली-मोहल्ले में शराब की दुकान खोलने वाले यहां खोखले वादे कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में चुनावी प्रचार अपने उफान पर है। स्वयं प्रधानमंत्री मोदी लगातार दूसरे दिन गुरुवार को पंजाब पहुंचे। यहां वे अबोहर की जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। वे मंच पर आये तो हल और तलवार भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button