
शादी के बाद सुसराल जा रही दुल्हन को प्रेमी युवक ने मारी पांच गोलियां
रोहतक/हरियाणा- 2 दिसंबर। हरियाणा के रोहतक में शादी के बाद सांपला से अपनी सुसराल गांव भाली जा रही एक युवती को सिरफिरे आशिक ने सुसराल में गली में ही कार रुकवा कर पांच गोलियां मार दी, जिससे दुल्हन गंभीर रुप से घायल हो गई। तथा उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक भी गांव खेड़ी सांपला का ही रहने वाला था। तथा कुछ दिन पहले भी उसने युवती को शादी न करने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इस संबंध में युवती के पति के ब्यान पर एक नामजद सहित अन्य युवकाें के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कस्बा सांपला निवासी तनिष्का की शादी बुधवार को गांव भाली निवासी मोहन के साथ हुई थी। रात करीब ग्यारह बजे शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद तनिष्का सांपला से अपने पति के साथ विदा हुई। जब डोली गांव भाली में पहंुची तो शिव मंदिर के पास पीछे से आई एक वरना कार में सवार तीन युवकों ने दूल्हे की गाड़ी को रुकवा लिया। गाड़ी के रुकने के बाद वरना कार से दो युवक आएं। तथा दोनों के हाथ में पिस्तौल थी,युवकों ने दूल्हे को कार से नीचे उतार कर दुल्हन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरु कर दी, जिसमें पांच गोलियां तनिष्का को लगी और उसके बाद आरोपी दूल्हे की कार की चाबी व चालक से चैन एवं अंगूठी भी छीन ले गए। इसके बाद तुरंत तनिष्का को पीजीआई भर्ती कराया,जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना बहुअकबरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस बारे में जांच पड़ताल की और दूल्हे मोहन के ब्यान पर गांव खेडी सांपला निवासी साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शादी न करने की दे रखी थी धमकी—
सांपला निवासी तनिष्का को गोली मारने वाले आरोपी ने पहले ही उसे शादी न करने की धमकी दे रखी थी और इस बारे में परिजनों को भी पता था और वह बेहद ही सावधानी रखें हुए थे, लेकिन उन्हें यह अंदेशा नहीं था कि आरोपी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे देगा। गांव में वारदात को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
ऑप्रेशन से निकाली गई है सिर्फ एक गोली—
गोली लगने से घायल हुई तनिष्का की पीजीआई में हालत नाजुक बनी हुई है और डाक्टरों की एक विशेष टीम उसके ईलाज में लगी हुई है। अभी तक ऑप्रेशन से एक ही गोली निकाली गई है। तनिष्का की बीपी लेवल कम होने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।



