
शाकिब को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में भी जीत दर्ज करने की उम्मीद
ढाका- 25 मार्च। बांग्लादेश द्वारा दक्षिण अफ्रीका में अपनी पहली एकदिवसीय श्रृंखला जीतने के बाद,हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन को दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ टेस्ट प्रारूप में भी सफलता मिलने की उम्मीद है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लेने के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम में कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, मार्को जेनसेन, एनरिक नॉर्टजे, राशी वैन डेर डूसन एवं एडेन मार्कराम शामिल नहीं होंगे।
शाकिब ने गुरुवार को कहा, ‘मुझे लगता है कि टेस्ट सीरीज ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगी। पांच से सात वर्षों से, हम एक अच्छी एकदिवसीय टीम रहे हैं, और हम सभी जानते हैं कि एकदिवसीय मैचों में हम अच्छे विकेटों पर क्रिकेट खेलते हैं और जो भी अच्छा करेगा वह मैच जीतेगा। दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम में कुछ मुख्य खिलाड़ी नहीं हैं,जिसका हमें फायदा मिल सकता है।’
बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सभी छह टेस्ट मैच गंवाए हैं, जिनमें से पांच मैचों में पारी की हार मिली है। शाकिब ने हालांकि उम्मीद जताई कि न्यूजीलैंड में हालिया टेस्ट जीत खिलाड़ियों को एक और घरेलू टीम पर शिकंजा कसने के लिए प्रेरित करेगी, जिसके खिलाफ उन्होंने पहले कभी नहीं जीता।
शाकिब ने कहा, ‘देखिए हमारे तेज गेंदबाज अच्छा कर रहे हैं और इस वजह से हमने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट जीता। टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को तेज गेंदबाजों पर काफी भरोसा है और वे अपना विश्वास वापस पा रहे हैं।’



