
फर्रुखाबाद- 24 अक्टूबर। राजपुर थाना क्षेत्र में विषाक्त भोजन खाने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि परिवार के अन्य लोगों की भी हालत बिगड़ गई। राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जसूपुर गढ़िया निवासी इरशाद (40) के परिजनों ने शनिवार को देर रात खाना खाया। थोड़ी देर बाद ही परिजनों को उल्टी हुई और चक्कर आने लगे। देखते देखते हालत बिगड़ गई। इरशाद और उनकी पत्नी, तीन पुत्रियों व तीन पुत्रों को उपचार के लिए डॉ हरिदत्त द्विवेदी के यहां ले जाया गया। 08 वर्षीय पुत्र आसिफ को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। आसिफ के शव को डॉक्टर द्विवेदी के अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान इरशाद की भी मौत हो गई। सीओ अमृतपुर एवं शहर कोतवाल ने अस्पताल जाकर मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने मृत पिता एवं पुत्र के शव को लोहिया अस्पताल भिजवाया। भाई इमरान ने बताया कि बीती रात भाई आसिफ के घर आलू गोभी के अलावा अंडे की भी सब्जी बनी थी। जिसको खाने के बाद सभी की हालत खराब हो गई। इरशाद की पत्नी तीन पुत्री व दो पुत्रों का डॉ द्विवेदी के यहां इलाज चल रहा है। प्रधान राम रामशरन ने बताया कि परिजनों को आलू गोभी की सब्जी अच्छी नहीं लगी तब अंडे बनाए गए थे। बताया गया कि फतेहगढ़ के किसी व्यक्ति ने बुवाई के लिए केमिकल युक्त आलू का बीज भेजा था। बाढ़ के कारण आलू की बुवाई न हो सकी। केमिकल वाले जहरीले आलू की सब्जी बनाई गई थी। जिसको खाने से सभी की हालत बिगड़ गई। इसी तरह पालक की सब्जी खाने से एक अन्य परिजनों की हालत बिगड़ गई। इस समय पेस्टिसाइड युक्त सब्जियां जहर का काम कर रही है। डॉक्टर केएम द्विवेदी का कहना है कि हरी सब्जी पकाने से पहले अच्छी तरह से गर्म पानी से धो लें इसके बाद पकाए।



