
लॉकडाउन का पप्पू यादव ने किया विरोध,कहा-नाकामी छिपाने की हो रही कोशिश
पटना- 30 दिसंबर। देश में कोरोना के मामले फिर से तेजी से बढ़ने लगे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश के कई शहरों में लॉकडाउन, नाइट कर्फ्यू या कई तरह की पाबंदियां लगाई जा रही हैं। देश के कई हिस्से में लॉकडाउन लगा दिया गया है जिसका जन अधिकार पार्टी विरोध कर रही है। उक्त बातें जाप राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आज कही। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लॉकडाउन लगाया है। केंद्र सरकार ने कोरोना के मामले में लोगों के हित के लिए कुछ भी नहीं किया है।अभी तक कोरोना से मृतक परिवार को चार लाख की सहायता राशि सरकार ने नहीं दी हैं।
जाप अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना का तीसरा लहर अभी आने वाला हैं अस्पतालों की स्थिति ठीक नहीं हैं, सरकार इस लहर को रोकने के लिए कुछ भी नहीं कर रही हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कोरोना रोकथाम के लिए दिन में रैली और रात में कर्फ्यू लगाना कोरोना के साथ मजाक करना हैं। जाप कोरोना रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमलोग आगे भी पीड़ित परिवार के लोगों को ऑक्सीजन और दवाइयां पहुंचाएंगे।
पप्पू यादव ने बिहार सरकार के समाज सुधार यात्रा पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जो सरकार 16 सालों में बिहार में व्यवस्था परिवर्तन नहीं कर पाई वो समाज को सुधारने के लिए निकली हुई हैं। आज बिहार की समस्या बेरोजगारी, गरीबी और अशिक्षा हैं लेकिन इसपर सरकार के द्वारा कोई भी बातचीत नही हो पा रही हैं। बिहार की जनता इन नेताओं को स्वर्ग सिधार यात्रा पर भेजेगी। शराब बंदी के पक्ष में कई तरह के अवैज्ञानिक तर्क दिए जा रहे हैं बिहार के मुख्यमंत्री कहते है कि शराब पीने से एड्स होता हैं। आंध्रा में 50 रुपया के दर से शराब बेचने की घोषणा करने वाली भाजपा को बिहार में पर शराबबंदी कानून पर बोलने का कोई अधिकार नहीं हैं। प्रेस कांफ्रेंस में जाप प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा राष्ट्रीय प्रधान महासचिव रघुपति सिंह, पूर्व विधायक रामचन्द्र सिंह यादव, भाई दिनेश मौजूद थे।



