
राज छुपाने के लिए युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर भाई को मारकर घर में दफ़नाया
रामगढ़- 11 सितंबर। रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र पीटीपीएस कॉलोनी में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने भाई बहन के रिश्ते को भी शर्मसार कर दिया। यहां एक युवती ने अपने प्रेम संबंध को छुपाने के लिए अपने ही ममेरे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद भी उसका मन नहीं भरा तो उसने अपने ही घर में उसकी लाश को दफना दिया। इसके बाद ऊपर से प्लास्टर कर दिया ताकि किसी को उसकी लाश की भनक तक ना लगे। मृतक की शिनाख्त रांची जिले के चुटिया थाना क्षेत्र के रोहित कुमार के रूप में हुई है। उसकी हत्या के मामले में उसकी फुफेरी बहन चंचला और उसके एक सहयोगी को भी पुलिस ने पकड़ा है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए पतरातू एसडीपीओ वीरेंद्र चौधरी ने रविवार को बताया कि चुटिया थाना में ढाई महीने पहले रोहित कुमार के लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश विभिन्न इलाकों में कर रही थी। संदेह के आधार पर जब पतरातू पुलिस को रोहित के बारे में बताया गया, तो पुलिस ने यहां भी तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस ने चंचला को पूछताछ के लिए बुलाया, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उसने उस जगह को भी बताया जहां पर उसने रोहित की लाश को दफनाया था। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में रविवार को रोहित की लाश को बाहर निकाला गया है।



