
राजस्थान में सोमवार को कोरोना के 66 नए मामले
जयपुर- 13 जून। राजस्थान में सोमवार को कोरोना के 66 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमित 33 मरीज स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश में अब सक्रिय मामले 543 हो गए हैं।
चिकित्सा विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जयपुर में 30, बीकानेर में 10, अजमेर, उदयपुर व दौसा में चार-चार, नागौर में तीन, अलवर, श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में दो-दो, बारां, चूरू, झालावाड़, जोधपुर एवं सवाई माधोपुर में एक-एक नया मरीज मिला।
प्रदेश में कोरोना के नए मरीजों की संख्या में हर दिन इजाफा हो रहा है। जहां एक सप्ताह पहले तक रोजाना कुछेक मरीज सामने आ रहे थे। वहीं अब दैनिक नए मरीजों का आंकड़ा बड़ी संख्या पर पहुंच गया है। कोरोना की तीसरी लहर के धीमा पड़ने के बाद सरकार ने कोरोना को लेकर पाबंदियों में ढील दी थी। करीब चार महीने के अंतराल के बाद अब फिर से कोरोना संक्रमण आक्रामक हो गया है। लोग भी मास्क का उपयोग करना लगभग छोड़ ही चुके हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों के साथ अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड जैसे कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले संवेदनशील स्थानों पर भी लोग मास्क नहीं लगा रहे। गीष्मावकाश के चलते लोग देशभर के पर्यटक स्थलों पर घूमने जा रहे हैं अथवा घूमकर लौट रहे हैं। इनके कोरोना की चपेट में होने की आशंका ज्यादा है।



