
यूरोपीय संघ के तीन देशों के प्रधानमंत्रियों ने यूद्धग्रस्त कीव का किया दौरा
वाशिंगटन- 15 मार्च। यूक्रेन के सपीपवर्ती तीन देशों पोलैंड, चेक और स्लावेनिया के प्रधान मंत्रियों ने यूक्रेन के प्रधानमंत्री के निवेदन पर मंगलवार को ट्रेन से युद्धग्रस्त क्षेत्र कीव का दौरा किया। उन्होंने यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी सेनाओं की ओर से रिहायशी, अस्पतालों और नागरिक सुविधाओं पर बमबारी की निंदा की और इस हमला में जान-माल की भारी तबाही पर क्षोभ व्यक्त किया।
मंगलवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री मातेयुश्च मोराविकी ने चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेत्र फियाला और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री जानेज जन्सा के साथ यूक्रेन की राजधानी कीव का ट्रेन से दौरा किया। यूक्रेन के युद्धरत क्षेत्र में किसी दूसरे देशों के प्रधानमंत्री अथवा शासनाध्यक्ष की यह पहला अधिकृत दौरा है। ्र
इस मौके पर यूक्रेन के लाखों शरणार्थियों को अपने देश में पनाह देने वाले पोलैंड के प्रधानमंत्री मातेयुश्च मोराविकी ने भीषण तबाही की ओर इशारा करते हुए कहा कि युद्ध अब नाटो के द्वार पर दस्तक दे रहा है। उन्होंने मानवीय अधिकारों की दुहाई देते हुए तत्काल युद्ध विराम की घोषणा करने का आह्वान किया है। स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री जानेज जन्सा और चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेत्र फियाला ने भी कड़े स्वर में रूस के एकतरफ़ा युद्ध पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रूसी बमबारी से बचाव करते हुए जिस तरह महिलाओं, बच्चों और वृद्धों को अपना घर छोड़ कर जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है, यह किसी भयावह त्रासदी से कम नहीं है।उन्होंने एकजुट हो कर रूसी हमले को रोके जाने के लिए उपाय खोजने की अपील की है।



