
मैच के दौरान पुलिस बल के साथ तीसरी आंख से होगी निगरानी: ज्वाइंट सीपी
कानपुर- 06 सितम्बर। ग्रीन पार्क में 10 सितंबर से रोड सेफ्टी सीरीज के तहत मैच खेले जाने हैं। जिसमे सचिन तेंदुलकर एक बार फिर मैदान में खेलते नजर आयेंगे। 10 सितंबर से शुरू होने वाले मैच में 8 टीमें भाग ले रही हैं।
पुलिस ज्वाइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने मंगलवार को बताया कि सभी टीमों के खिलाड़ियों को रुकने के लिए कानपुर के विभिन्न होटलों में 200 कमरे बुक किये गये हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। मैच के दौरान किसी भी तरह की चूक ना हो इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
उनका कहना है कि होटल से लेकर ग्रीन पार्क मैदान तक जाने वाले रास्ते पर भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जिससे कि खिलाड़ियों को होटल से मैदान तक जाने में किसी भी तरह की समस्या ना हो। मैदान में प्रैक्टिस के दौरान पूरे स्टेडियम को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा में रखा जाएगा। हर आने जाने वाले की चेकिंग होगी, साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स अलर्ट रहेगी। होटल से मैदान के बीच छतों पर कैमरे के साथ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।



