
मुजफ्फरपुर-11 नवंबर। मुजफ्फरपुर के सिटी पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बृहस्पितवार को अहले सुबह की है। इस घटना में उस कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस हादसे को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी। हादसा वैशाली जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के हाजीपुर- मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग के दौलतपुर के पास घटी।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार अहले सुबह करीब तीन बजे मुजफ्फरपुर के सिटी पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के 20 वर्षीय पुत्र राजवीर शेखर अपनी कार से पटना से मुजफ्फरपुर आ रहे थे। सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाने में उसकी कार संतुलन खोते हुए सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। जिससे घटनास्थल पर ही राजवीर शेखर की मौत हो गई। वहीं गाड़ी में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। शव को बरामद कर पुलिस प्रशासन ने हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायल को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान मधेपुरा जिला के साहूगढ़ वार्ड संख्या-05 मोरकाही टोला निवासी हरेराम यादव के बेटे अंगद कुमार के रूप में हुई है। इस हादसे की चर्चा लोगों के बीच दिनभर होती रही।



