
मां ने बेटे-बेटी को जहर देकर खुद भी की आत्महत्या
बाड़मेर- 2 दिसंबर। जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के बाटाडू मेहराजोणियों की बेरी गांव में एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों की जहर देकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने भी जहर खाकर सुसाइड कर लिया। महिला एवं बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान पता चला कि तीनों ने जहर खाया है। अस्पताल ले जाने के दौरान ही महिला की मौत हो गई। जबकि 2 साल की बच्ची की गुरुवार को जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हुई।
जब महिला ने बच्चों को जहर दिया, उस दौरान परिजन खेत में गए हुए थे। शाम को जब लौटे तो चंपादेवी (25) पत्नी लच्छाराम जाट की अचानक से तबीयत खराब होने लगी। इस बीच चंपादेवी की मौत हो गई। जबकि, कैलाश (5) व पुष्पा (2) की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें बाड़मेर अस्पताल लाया गया। यहां कैलाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुष्पा की हालत गंभीर होने पर बुधवार रात को उन्हें जोधपुर रेफर किया गया। गुरुवार सुबह उनकी भी मौत हो गई। अभी तक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार चंपादेवी की शादी छह साल पहले लच्छाराम जाट से हुई थी। पति पचपदरा में होटल पर काम करता है। वारदात के दौरान पति पचपदरा था। जबकि, सास-ससुर समेत घर के दूसरे सदस्य खेत में काम कर रहे थे। गिड़ा थाना अधिकारी जयराम का कहना है कि विवाहिता का शव बायतू मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस को भी गुरुवार सुबह इस घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद परिजनों को सूचना दे दी गई।



