
मरते दम तक कांग्रेस पार्टी में ही रहूंगा : नसीमुद्दीन सिद्दीकी
लखनऊ- 11 जनवरी। पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी में हूं और मरते दम तक कांग्रेस पार्टी में रहूंगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनवाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए हम काम भी कर रहे हैं।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्या से हमारे व्यक्तिगत वा पारिवारिक संबंध है। हमारी उनकी मुलाकात होती रहती है। दो दिन पहले भी हमारी उनसे मुलाकात हुई है। हम दोनों लोगों ने लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी में साथ साथ काम किया है। स्वामी प्रसाद मौर्य हम से उम्र में बड़े हैं । इसलिए हम उनका सम्मान करते हैं। वह चाहे जिस भी पार्टी में रहें हमारा उनका संबंध बरकरार रहेगा।
गौरतलब हो कि मंगलवार को योगी सरकार में श्रम मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी योगी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ नसीमुद्दीन सिद्दीकी के भी सपा में जाने की अटकलें चल रही थी।



