
मप्र: उमा भारती के बाद अब सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने उठाई शराब बंदी की मांग
भोपाल- 17 फ़रवरी। मध्य प्रदेश में एक बार फिर शराबबंदी की चर्चा शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के बाद अब भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने प्रदेश में शराबबंदी किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह शराब विक्रय का विरोध करती है और मध्य प्रदेश में शराब बंद होना चाहिए।
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि शराब एक विष की तरह होती है और इस विष को बंद करना चाहिए, मैं खुलकर इसका विरोध करती हूं, इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। राजनीति करने वाले अपने घरों में शराब पीते होंगे इसलिए उन्हें पीड़ा होती है। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा, उन्होंने कांग्रेस को समाज के लिए कोढ़ बताते हुए कहा कि ये वो लोग है जो बुराई का साथ देकर लोगों को मरने के लिए मजबूर करने वाले कोढ़ है। साध्वी ने कहा कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा, क्योंकि मोदीजी कांग्रेस मुक्त देश बनाने के लिए निकल पड़े हैं। बता दें कि मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती प्रदेश में लगातार शराबबंदी की मांग कर रही है। वह शराबबंदी को लेकर प्रदेश में कई बार अभियान चलाने की बात भी कह चुकी हैं।



