
मध्य प्रदेश में कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे
भोपाल- 09 अप्रैल। मध्य प्रदेश में अप्रैल का प्रथम सप्ताह बीतने के बाद भी अभी ज्यादातर जिलों में गर्मी का पूर्ण अहसास नहीं हो रहा है। मौसम के स्तर पर एक ट्रफ या पवन विच्छिन्नता मध्य मध्य प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई दिखाई दे रही है। इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल के स्तर पर दक्षिण राजस्थान के मध्य भाग में एक चक्रवाती परिसंचरण दिखाई दे रहा है, जिसका सीधा असर मध्य प्रदेश पर है, इसके कारण अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की या तेज बारिश के साथ ओले गिरते रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी भोपाल में तेज हवा चलने के साथ ही तेज बारिश हुई और ओले गिरे हैं। इसके साथ गुना, इंदौर,विदिशा,रीवा,जबलपुर,उज्जैन, रायसेन, शहडोल में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई है। इस संबंध में मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडे का कहना है कि न केवल मध्य प्रदेश में बल्कि देश के विदर्भ,ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, केरल में छिटपुट स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज हवा के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना अभी बनी रहेगी ।
उन्होंने कहा कि फिलवक्त बंगाल की खाड़ी से राज्य में नमी का आना जारी है। राजस्थान के मध्य भाग में चक्रवाती परिसंचरण चक्रवात सक्रिय है। ट्रफ लाइन भी गुजरती दिख रही है। इसका कि असर मध्य प्रदेश पर भी है । इससे सुबह मौसम साफ और दोपहर बाद से बादलों का आना शुरू हो जाता है, जिसका परिणाम तेज हवा के साथ बारिश होना है। मौसम वैज्ञानिक पाण्डेय का कहना है कि फिलहाल मौसम में गर्मी का अहसास कम होगा।



