
मधु विहार इलाके में 11वीं के छात्र ने लगाई फांसी
नई दिल्ली- 29 जुलाई। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना क्षेत्र के चंद्र विहार इलाके में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने शनिवार सुबह घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव उसके घर के बाथरूम से बरामद हुआ। मृतक छात्र नेशनल विक्टर स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजकर 6 मिनट पर चंद्र विहार गली नंबर सात के एक मकान में 16 साल के लड़के की आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मधु विहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लड़का बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। जांच की गई तो उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने पढ़ाई को लेकर अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने के लिए अपनी हताशा व्यक्त की। उसने लिखा कि पढ़ाई में बेहतर नहीं कर पा रहा था जिस कारण वह दबाव महसूस कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भिजवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लड़के के पिता आर्किटेक्ट के रूप में काम करते हैं। परिवार में माता-पिता और एक बड़ी बहन है, जो डीयू की छात्रा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



