
मधुबनी- 13 अक्टूबर। बिहार के मधुबनी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने जिला मुख्यालय के स्थानीय गोकुल राज होटल में भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर बेरी ओ फेरेल ए ओ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान ऑस्ट्रेलियन हाई कमीश्नर के साथ सेक्रेटरी जैक टेलर भी थे।
बताते चलें कि ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर द्वारा गुरुवार सुबह रहिका प्रखंड क्षेत्र के जितवारपुर गांव का दौरा किया। जहां उन्होंने मधुबनी पेंटिंग कलाकारों से मुलाकात की और उन सभी से चित्रकारी के विभिन्न पहलुओं को जाना।

जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर का मधुबनी जिले में आगमन पर अभिनंदन किया। दोनों के बीच जिले में कला एवं संस्कृति के साथ-साथ सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी श्री वर्मा ने जिले के लोगों के सामाजिक जीवन के विविध रचनात्मक पहलुओं पर प्रकाश डाला और उनके जिले में भ्रमण को स्थानीय शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने वाला बताया। ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर ने भी गर्मजोशी से जिलाधिकारी की बातों को सुना और क्रिकेट बॉल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर ने मधुबनी के अपने दौरे को एक सुखद स्मृति बताया।



