
मधुबनी के 5 बीईओ के वेतन पर रोक, DM के आदेश अवहेलना
मधुबनी-06 सितंबर। अपने-अपने प्रखंडों के अधीन स्कूलों का निरीक्षण नहीं करना जिले के पांच बीईओ को महंगा पड़ा है। संबंधित बीईओ के वेतन पर रोक लगा दिया गया है। स्कूलों के निरीक्षण नहीं किये जाने और निरीक्षण प्रतिवेदन शून्य पाये जाने पर यह कार्रवाई की गयी है। समीक्षा में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मधेपुर,बिस्फी,खुटौना,लखनौर,मधवापुर एवं घोघरडीहा के बीईओ के द्वारा निरीक्षण प्रतिवेदन शून्य पाया गया। इसके बाद इनके वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए डीईओ के द्वारा स्पष्टीकरण पूछा गया है।
विभाग द्वारा निर्देश दिया गया कि बुधवार ओर गुरुवार को निरीक्षण के क्रम में पंचायत के तहत सभी विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। हर सप्ताह निर्धारित दो दिन के अतिरिक्त भी प्रखंड के तहत विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। इसक्रम में शिक्षकों की उपस्थिति,नामांकित बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति,वर्ग कक्ष में गुणवत्तापूर्ण पठन पाठन,विद्यालय परिसर की साफ सफाई,विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था एवं बालक व बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालय की उपलब्धता,गुणवत्तापूर्ण पीएम पोषण योजना की उपलब्धता,पोशाक,पाठय पुस्तक व छात्रवृत्ति की राशि के वितरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी जिला के नामित पदाधिकारी के साथ विद्यालयों के जांच में सहयोग देंगे।



