
अररिया। भारी वर्षापात के कारण नेपाल सहित भारत सीमावर्ती क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मानसून के चले जाने के बाद बेमौसम हुई बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। जोगबनी सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। नेपाल के विराटनगर से लेकर अररिया के जोगबनी तक का क्षेत्र जलमग्न हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार जोगबनी के वार्ड संख्या- 10 में जलनिकासी के लिए रहे चेंगरा धार को स्थानीय लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे बरसात के समय नेपाल से आने वाले पानी की निकासी नही हो पाती। जिससे जोगबनी शहर एवं घरों में पानी प्रवेश कर जाता। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो जाता है। इसके खामियाजा स्वरूप लोग ऊंचे स्थानों एवं सुरक्षित स्थानों की ओर अपने सामानों के साथ पलायन करने लगे हैं। अररिया के जोगबनी का टिकुलिया बस्ती, पटेलनगर सहित मुख्य सड़कों पर पानी का तेज बहाव हो रहा है। जोगबनी से सटे नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बाढ़ जैसे हालात ने कहर बरपा दिया है। सीमावर्ती शहर जोगबनी में अचानक पानी के प्रवेश कर जाने से हालात बिगड़ने लगे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को हो रहा है। लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं।



