
कोलकाता- 26 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल से सटे भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम ने 2.86 किलो चांदी के आभूषण के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है। मंगलवार को जारी बयान में बीएसएफ ने बताया है कि जब्त चांदी की कीमत करीब एक लाख 34 हजार 778 रुपये आंकी गई है। उत्तर 24 परगना के हकीमपुर सीमा चौकी के पास इसे पकड़ा गया है। इसके साथ जिस तस्कर को गिरफ्तार किया गया है उसकी पहचान उत्तम घोष (35) के तौर पर हुई है। वह हकीमपुर गांव का ही रहने वाला है। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने के हवाले कर दिया गया है।



