
भारत-नेपाल सीमा तक गूंजेगी ”आल इंडिया रेडियो की आवाज”
गोरखपुर-02 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शुक्रवार को गोरखपुर दूरदर्शन अर्थ स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इससे आल इंडिया रेडियाे को डेढ़ करोड़ अतिरिक्त श्रोता मिलेंगे ही, भारत-नेपाल सीमा तक आल इंडिया रेडियो की आवाज गूंजने लगेगी। इसके साथ ही लगभग 30 हजार दो सौ स्कवायर किमी के दायरे में रहने वाले श्रोताओं तक आल इंडिया रेडियाे की आवाज गूंजने लगेगी। इस दौरान इटावा, गदनिया और नानपारा एफएम स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन होगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार गोरखपुर दूरदर्शन केंद्र में लगभग सात करोड़ की लागत से स्थापित प्रदेश के दूसरे अर्थ स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान लोकसभा सांसद रवि किशन, आकाशवाणी के प्रधान महानिदेशक एन वेणुधर रेड्डी, दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल और तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर ईटावा, गदनिया (लखीमपुर) और नानपारा (बहराइच) में 10-10 किलोवाट के नवनिर्मित तीन एफएम आल इंडिया रेडियाे स्टेशनों का भी वर्चुअल उदघाटन होगा।
इन एफएम रेडियो स्टेशनों के अस्तित्व में आने के बाद आल इंडिया रेडियो की आवाज लखीमपुर, इटावा,बहराइच एवं भारत-नेपाल सीमा के दूरवर्ती इलाकों तक गूंजेगी। आल इंडिया रेडियो को एक करोड़ 50 लाख लोगों तक पहुंच सकेगी। बता दें इन इलाकों के श्रोता आल इंडियाे रेडियो के अतिरिक्त श्रोता होंगे। पहले इन क्षेत्रों के लोगों तक आल इंडिया रेडियो की पहुंच नहीं थी। ये तीनों एफएम स्टेशन 30 हजार स्कवायर किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करेंगे। यह रेडियो स्टेशन उत्तर प्रदेश के इटावा और उसके आसपास के 60 किमी के रेडियल क्षेत्र में मजबूत एफएम कवरेज प्रदान करेगें। इससे उत्तर प्रदेश के आगरा और कानपुर के दो सबसे प्रमुख शहरों के बीच वाहनों में यात्रा करने वाले लोगों का मनोरंजन करेंगे।
यह बताना समीचीन है कि उत्तर प्रदेश की भारत-नेपाल सीमा के साथ नानपारा और गडानिया में एफएम ट्रांसमीटर स्थापित किये गये हैं। ये ट्रांसमीटर उत्तर प्रदेश, गडानिया और नानपारा के रणनीतिक शहरों और उसके आसपास के 60 किमी के रेडियल क्षेत्र में मजबूत एफएम कवरेज करेंगे।
स्थानीय कलाकारों को होगा फायदा—
गोरखपुर अर्थ स्टेशन के शुरू होने का सर्वाधिक फायदा स्थानीय कलाकारों को होगा। इनके सभी कार्यक्रम अब दुनिया भर में डीटीएच के जरिए उपलब्ध होंगे। जल्दी ही गोरखपुर दूरदर्शन केंद्र के कार्यक्रम (डायरेक्ट टू होम) डीटीएच पर देश के विभिन्न हिस्सों में देखा जा सकेगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर गोरखपुर के दूरदर्शन केंद्र में अर्थ-स्टेशन लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। एसएसबी की 59वीं बटालियन परिसर में दूरदर्शन ने इस स्टेशन के निर्माण की शुरुआत 2019 में की थी। 25 करोड़ रुपये की लागत से एफएम रेडियो स्टेशन बनकर अब तैयार है। सैटेलाइट ट्रांसमिशन नेटवर्क के माध्यम से सभी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों के लिए स्थानीय संस्कृति, समाचार और सम-सामयिक मामलों की सामग्री के योगदान के लिए दूरदर्शन के पास 40 अर्थ स्टेशन हैं।



