
भाई ने बहन के प्रेमी को उतारा मौत के घाट,2 गिरफ्तार
नई दिल्ली- 30 दिसंबर। शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में शादीशुदा एक युवक को चाकूओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान शाहरुख के रूप में हुई है। उसका एक लड़की से प्रेम संबंध था। इस बात का पता जब लड़की के भाई को चला तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच सड़क पर ही चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। वहीं सीमापुरी थाना पुलिस ने उक्त मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपित फरार है। आरोपितों की पहचान जुबेर जफर और आदित्य के रूप में हुई है। सभी सीमापुरी के रहने वाले हैं।
शाहदरा जिले के डीसीपी आर साथिया सुंदरम ने गुरुवार को बताया कि सीमापुरी थाना पुलिस को बुधवार शाम तकरीबन पांच बजे एक युवक को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर सीमापुरी थाना पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी ने आगे कहा कि मृतक की पहचान सीमापुरी निवासी शाहरुख के तौर पर हुई है। साथ ही जांच में पता चला कि शाहरुख पेशेवर अपराधी था। सीमापुरी थाना पुलिस ने उसे बीसी घोषित किया हुआ था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से रिहा होकर बाहर आया था। पूछताछ में सामने आया है कि शाहरुख शादीशुदा था इसके बावजूद वह आरोपित की बहन से उसका प्रेम संबंध था। इसी से नाराज होकर आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाहरुख की हत्या कर दी।



