
भाई जी की आत्मा खोज की आत्मा है: ज्योतिरादित्य सिंधिया
मुरैना- 09 नवम्बर। भाई जी का व्यक्तित्व ऐसा था, उनके पहुंचते ही शांति, अहिंसा और सद्भावना का वातावरण निर्मित हो जाता था। भाई जी की आत्मा खोज की आत्मा है। वह दीन,दुखी, बेसहारा लोगों में काम ढूंढते थे। उनका उद्देश्य सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य करने का होता था। यह बातें मंगलवार को महात्मा गांधी सेवा आश्रम जौरा में पद्मश्री डॉ. एसएन सुब्बाराव जी को श्रद्धांजलि एवं शोक संवेदना व्यक्त करने आए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कही।
उन्होंने कहा कि भाई जी हमसे दूर नहीं गए हैं, बस यह मान के चलिए कि हम से कुछ किलोमीटर आगे निकल गए हैं। वहीं हमें भी जाना है, वहां भाई जी से हमारी मुलाकात होगी, लेकिन वह मुलाकात तभी संभव है, जब हम उनके पदचिन्हों पर चलें। भाई जी के साथ मुझे अधिक समय तक साथ रहने का सौभाग्य तो प्राप्त नहीं हुआ, लेकिन जितने समय मैं उनके साथ रहा हूं, मुझे कुछ न कुछ उनकी आत्मा से सीखने को मिला है। जो आया है, उसे एक दिन जाना ही है, लेकिन हम ऐसा कृतित्व करके जाएं, लाखों लोग हमारे कृतित्व से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सार्थक बनाए।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने डॉ. सुब्बाराव को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सर्वप्रथम उन्होंने भाई जी को पुष्प अर्पित किए, तत्पश्चात एकता परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पीवी राजगोपाल ने भाई जी के तीन इच्छाओं के संदर्भ में उन्हें बताया और 14,15,16 अप्रैल-2022 में आयोजित बागी समर्पण की 50वी वर्षगांठ पर सिंधिया को पुनः जौरा महात्मा गांधी सेवा आश्रम में पधारने का आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर शिक्षाविद एचएल ग्रुप के डायरेक्टर एलएन त्यागी के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय गालव त्यागी भूमिहार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीकेशत्यागी के नेतृत्व में भाई जी को भारत रत्न दिलाने एवं अटल प्रोग्रेस वे पर भाई जी के कृतित्व और व्यक्तित्व से जुड़ा स्मारक बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखने की मांग केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की गई।
इस अवसर पर एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रन सिंह परमार, राष्ट्रीय संयोजक अनीश थिलकारी, प्रदेश प्रभारी डोंगर शर्मा, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व मंत्री गिर्राज दंडोतिया, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. योगेश पाल गुप्ता, कैलाश मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष नीकेश त्यागी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एचएल ग्रुप के डायरेक्टर एलएन त्यागी, एनवाई पी के प्रदेश प्रभारी शीतल जैन, गीता इंदर सिंह हर्षाना, उदय भान सिंह, लक्ष्मी नारायण शर्मा, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, गुना, शिवपुरी, दतिया, शिवपुरी, मुरैना से पधारे एकता परिषद के कार्यकर्ता जौरा के गणमान्य महिला एवं पुरुष युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



